पंजाबी सिंगर करण औजला के शनिवार रात इंदौर में शो से पहले इंदौर नगर निगम की टीम ने कार्यक्रम स्थल पर धमाकेदार एंट्री की और साउंड का सामान जब्त कर ट्रकों में भर दिया। वजह थी शो का मनोरंजन कर नहीं भरना। मौके पर पहुंचकर निगमकर्मी स्टेज पर चढ़े और सामान ट्रक में भरने लगे। इस बीच आयोजकों को इसकी जानकारी लगी तो वे मौके पर पहुंचे और वजह जानी। हालांकि, बाद में निगम को आयोजकों ने कर राशि का भुगतान किया।

पंजाबी पॉप स्टार करण औजला 11 शहरों के म्यूजिकल टूर ‘पी-पॉप कल्चर’ पर हैं। उन्होंने शनिवार रात शहर में लाइव परफॉर्म किया। औजला शुक्रवार देर रात इंदौर पहुंच गए थे। आयोजन बायपास स्थित सी 21 ग्राउंड पर हुआ। उन्होंने पहली बार इंदौर में प्रस्तुति दी। 

पहले चुकाना जरूरी है मनोरंजन कर

निगम अधिकारियों ने औजला शो के आयोजकों से कहा कि जितने टिकट बिकते हैं, उसके हिसाब से मनोरंजन कर पहले भरना पड़ता है। शो से पहले निगम को मनोरंजन कर जमा नहीं दिया गया, इसलिए सामान जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। सिंगर के शो से पहले निगम का रवैया देख आयोजक भी हैरान रह गए और उन्होंने टैक्स की राशि पूछी। अफसरों ने टिकटों की बिक्री की गणना कर टैक्स की राशि बताई। शो के लिए न्यूनतम 3 हजार रुपये से अधिकतम 6 लाख रुपये तक के टिकट बिके थे। बाद में टैक्स की राशि जमा की गई गई और फिर रात को आयोजन बायपास पर हुआ।

बता दें, इससे पहले हनी सिंह का शो भी इंदौर में हुआ था और टैक्स जमा किए बगैर ही आयोजक इंदौर से चले गए थे। इसके बाद निगम ने बड़े आयोजनों पर नजर रखना शुरू कर दी। सिंगर दलजीत दोसांज और अरिजित सिंह के शो का टैक्स भी निगम ने वसूला था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *