भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित नियंत्रक नापतौल कार्यालय को सोमवार सुबह साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया। धमकी सोमवार सुबह कार्यालय के ऑफिसियल ई-मेल पर आई थी। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
कर्मचारियों को तुरंत निकाला गया
धमकी मिलने के तुरंत बाद कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस सूचना पर एमपी नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर तैनात किए गए। पूरे कार्यालय की सर्चिंग की गई, लेकिन किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
ये भी पढ़ें: Ujjain News: बेटी के प्रेम विवाह से आहत पिता ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखी दिल दहला देने वाली बात
धमकी फेक पाई गई
जानकारी के अनुसार मेल में दावा किया गया था कि नापतौल विभाग में 16 सिलिंडर साइनाइड गैस से भरे हैं और दोपहर एक बजे फटेंगे। हालांकि, जांच और सर्चिंग में यह धमकी फर्जी पाई गई। यह घटना कुछ दिन पहले पीपुल्स विश्वविद्यालय और एम्स को भेजी गई धमकी भरे मेल की याद दिलाती है, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं। एमपी नगर पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए और कार्यालय में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। यह घटना फिर से यह संदेश देती है कि साइबर और ई-मेल धमकियों के मामले में सतर्क रहना कितना जरूरी है।
