राजधानी भोपाल में एलपीजी गैस सिलिंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। पिछले कई दिनों से शहर में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और सिलिंडर समय पर नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को युवक कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर सरकार को घेरने की कोशिश की।
चूल्हा जलाकर जताया विरोध
युवक कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के कार्यकर्ताओं ने हुजूर विधानसभा क्षेत्र के खजुरी सड़क गांव में चूल्हा जलाकर चाय बनाई और गैस सिलिंडर की कमी व बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन युवक कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के अध्यक्ष राहुल मंडलोई के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस सिलिंडर महंगे होने और समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण आम लोगों को फिर से पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें-गैस के लिए एजेंसियों पर लगी लंबी लाइनें, चक्कर काट रहे लोग, कई घरों में जलने लगा लकड़ी का चूल्हा
महंगाई से बिगड़ रहा परिवारों का बजट
राहुल मंडलोई ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण गैस सिलिंडरों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें-भोपाल निगम का बजट इस बार 4000 करोड़ के पार जाने की उम्मीद, प्रॉपर्टी टैक्स नहीं बढ़ाने के संकेत
समस्या नहीं सुलझी तो आंदोलन तेज होगा
युवक कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलिंडरों की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो संगठन बड़े स्तर पर जनआंदोलन करेगा। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव रोहित राजोरिया, मनोज राजपूत, दशरथ राजपूत, सोहन मेवाड़ा, राय सिंह परिहार, संजय ठाकुर, राजेश पटेल, विनोद राजपूत, सतीश मारण, दीपक मेवाड़ा, मुकेश मेवाड़ा, कैलाश विश्वकर्मा और रवि परिहार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
