जिले के रन्नौद कस्बे में दुष्कर्म की घटना के बाद हालात हिंसक हो गए। दुष्कर्म का आरोप सामने आने के बाद पीड़िता के आक्रोशित परिजन कथित आरोपी के घर पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की करीब 60 वर्षीय मां की लाठियों से पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं आरोपी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं महिला की मौत के मामले में पुलिस द्वारा जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी सहायिका ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन आक्रोशित होकर आरोपी के घर पहुंच गए और वहां मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: MP: मेले में जा रहे युवक पर चाकू से हमला, बाइक सवार बदमाशों ने किया गंभीर घायल; जिला अस्पताल में इलाज जारी
इसी दौरान आरोपी की मां अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी लाठियों से पीट दिया। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
रन्नौद थाना प्रभारी ने बताया कि आंगनवाड़ी सहायिका की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं महिला की मौत के मामले में जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
