इंदौर में कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के सामने हुए पथराव के बाद नाराज भाजपा कार्यकर्ता पंढरीनाथ थाने पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर नारेबाजी कर अपना विरोध भी दर्ज कराया है। 

ये भी पढ़ें:Indore News: भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता के बीच पथराव, पत्थर, टमाटर, पानी की बाॅटले एक- दूसरे पर फेंके

पुलिस अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओ को समझाइश देते रहे, लेकिन वे प्रकरण दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। पथराव की घटना में भाजपा नेत्री बिंदु चौहान के चेहरे पर चोटें आईं हैं। उन्हें सीएचएल अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल भाजपा नेत्री को देखने भाजपा शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला सहित कई भाजपा नेता पहुंचे।

पुलिस ने लाठियां भांज कर किया तितर-बितर


भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने होते देख पुलिस ने चार थानों का पुलिस बल प्रिंस यशवंत रोड पर लगा दिया था। पूरे मार्ग पर बैरिकेड लगाए गए थे। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हमारा प्रदर्शन तो पूर्व घोषित था। कांग्रेसियों ने पहले ही पथराव के लिए पत्थर जमा कर लिए थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।



भाजपा का आरोप है कि कांग्रेसियों ने पथराव की शुरुआत की। उधर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता पहले भी हमारे कार्यालय पर हंगामा करने आते रहे हैं। भागीरथपुरा में भी कांग्रेस के नेताओं पर जूते-चप्पल फेंके थे। हम लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते हैं, लेकिन भाजपा उसे दबाना चाहती है।


 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी हुए घायल


इस घटना में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के सिर पर पत्थर लगा है। वे भी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पत्थर लगे हैं। इसके अलावा जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाली मिमरोट को भी चोटें आईं हैं।



इसके अलावा पथराव में सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल भी घायल हुए हैं। उनके सीने पर पत्थर लगा है और पसली में चोट आई है। वे भी जांच के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। आपको बता दें कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन घेरने पहुंचे थे। वहां पर उनका विरोध करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भी आ गए। फिर दोनों तरफ से पत्थर, पानी की बोतलें और टमाटर एक दूसरे पर फेंके गए।

 

पटवारी बोले- भाजपा के गुंडों ने जनता के सिर फोड़ें

इंदौर में हुई घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सदन में भाजपा नेता जनता के जनप्रतिनिधियों से औकात पूछते हैं और सड़कों पर भाजपा के गुंडे आम जनता के सिर पत्थर मारकर फोड़ रहे है। उनके पथराव से कांग्रेस जिला अध्यक्ष, आम लोग और पत्रकार घायल हुए है। भाजपा सरकार ने गुंडों का खुला संरक्षण दे रखा है।


 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *