मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमवाय के सामने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दो महिलाएं एक मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर सड़क पार कर रही हैं। यह वीडियो सरकारी अस्पताल एमवाय के बाहर का बताया जा रहा है, हालांकि इसे लेकर एमवाय अस्पताल प्रबंधन ने कोई बयान नहीं दिया है।
वीडियो में दो महिलाएं ट्रैफिक के बीच डेंटल कॉलेज के सामने से गुजरती हुई एमवाय अस्पताल की ओर बढ़ती हैं। अस्पताल का मुख्य गेट बंद होने के कारण दोनों महिलाएं दूसरे गेट की तरफ जाती नजर आईं। मरीज को स्ट्रेचर पर ही धकेलते हुए अगले गेट तक जाना पड़ा।
ये भी पढ़ें- पेड़-परिंदे बनकर बच्चों ने किया विरोध, प्रकृति के विनाश पर जिम्मेदारों से पूछे सवाल
एक मिनिट के इस वीडियो को इंदौर निवासी एक युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर डाला है। इस वीडियो को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि मरीज एमवाय अस्पताल का है, क्योंकि वहां स्ट्रेचर मरीज के परिजनों को ही ले जाना पड़ता है। कई बार जांच के लिए मरीज को परिजन बाहर ले जाते हैं। यह वीडियो 13 फरवरी का बताया जा रहा है। बता दें कि एमवाय अस्पताल का मुख्य गेट हमेशा बंद रहता है। मरीजों को सीधी तरफ के गेट से ले जाया जाता है।