भारतीय जनता पार्टी के ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ कार्यक्रम के तहत केरल के निकायों के जनप्रतिनिधि दो दिवसीय प्रवास पर भोपाल और ग्वालियर पहुंचे। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशनों पर उनका स्वागत किया। भोपाल पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर संवाद किया, जबकि ग्वालियर में प्रतिनिधियों ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केरल निकाय चुनावों में भाजपा-एनडीए की सफलता जनविश्वास का प्रमाण है और कार्यकर्ताओं के संघर्ष से भविष्य में केरल में पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास मॉडल की जानकारी दी। ग्वालियर में तोमर ने कहा कि जनसंघ काल से कार्यकर्ता विचारधारा के लिए संघर्ष करते आए हैं और आने वाले समय में केरल में भाजपा की विजय सुनिश्चित है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यशैली, जनसेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने बताया कि वे प्रधानमंत्री की प्रेरणा से मध्यप्रदेश आए हैं ताकि निकाय प्रशासन, योजनाओं के क्रियान्वयन और नवाचारों का अध्ययन कर उन्हें केरल में लागू किया जा सके।
ये भी पढ़ें- Chhindwara: जहरीले कफ सिरप से 24 बच्चों की मौत का मामला, विसरा रिपोर्ट में डाई एथिलीन ग्लाइकॉल की पुष्टि
विकास परियोजनाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन
भोपाल में प्रतिनिधियों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, तुलसी नगर स्थित नगर निगम ग्रीन भवन, स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर तथा मेट्रो परियोजना का अवलोकन किया और शहरी प्रबंधन प्रणाली को समझा। वहीं ग्वालियर में उन्होंने लक्ष्मीबाई स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर आदर्श गौशाला, जल शोधन संयंत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- MP: तीन मासूम बेटियों को जहर पिलाकर मां ने भी निगला विष, आलीराजपुर में सनसनी; पति गुजरात में मजदूरी पर
15 फरवरी का कार्यक्रम
प्रतिनिधिमंडल 15 फरवरी को भोपाल में राज्यपाल मंगूभाई पटेल से भेंट, ट्राइबल म्यूजियम, वन विहार, शौर्य स्मारक और विधानसभा भवन का भ्रमण करेगा। ग्वालियर में वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य निकाय प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान है।