इंदौर में तेज आवाज में बाइक चलाकर कॉलोनी में दहशत फैलाने वाले बुलेट चालक के खिलाफ पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है। पांच माह के बच्चे के पिता की शिकायत पर 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर 1000 रुपये का चालान किया गया। मामला राज नगर क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें …
सिहोर में रुद्राक्ष महोत्सव, स्पेशल ट्रेनें चलाई, देवास के बाद होगा ट्रैफिक डायवर्ट
शिकायत पर तुरंत हरकत में आई पुलिस
राज नगर निवासी एडवोकेट शुभम शर्मा ने 12 फरवरी को चंदन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रोजाना रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच एक अज्ञात बुलेट चालक कॉलोनी से पटाखों जैसी कर्कश आवाज निकालते हुए तेज रफ्तार से गुजरता था। इससे उनका पांच माह का बच्चा घबरा जाता और कांपने लगता था। शर्मा ने चालक की पहचान के लिए कई दिनों तक प्रयास किया, लेकिन वह हर बार तेज गति से निकल जाता था। बाद में उन्होंने बाइक चालक के फोटो और वीडियो पुलिस को व्हाट्सएप पर भेजे।
12 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
एसीपी अमित सिंह और टीआई तिलक करोले के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन बुलेट क्रमांक एमपी-09 AX-8887 के चालक को पकड़ लिया। 13 फरवरी को उसके खिलाफ 1000 रुपये का चालान किया गया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त समझाइश दी गई।
मॉडिफाइड साइलेंसर नहीं मिला
पुलिस जांच में बाइक का साइलेंसर मॉडिफाइड नहीं पाया गया। हालांकि रात में तेज आवाज निकालते हुए स्टंट और तेज गति से वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई।
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
करीब तीन माह पहले शहर में अवैध साइलेंसर और हूटर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। ट्रैफिक पुलिस ने डेढ़ हजार से अधिक साइलेंसर और 70 हूटर जब्त कर रोड रोलर से नष्ट किए थे। यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी के नेतृत्व में की गई थी। पुलिस ने पहले भी वाहन चालकों को चेतावनी दी थी कि अवैध साइलेंसर और हूटर हटवा लें, अन्यथा चालान और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद शहर में कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
