उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महानंदा नगर में रहने वाले 72 वर्षीय वृद्ध ने सोमवार रात अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक अविवाहित थे और उनके दो भतीजे समीप ही रहते हैं। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने भतीजों को मोबाइल पर संदेश भेजकर संपत्ति को आपस में बांट लेने की बात लिखी थी।
माधवनगर थाना पुलिस के अनुसार महानंदा नगर निवासी राजेन्द्र पिता विपिन सूद (72) फ्रीगंज क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे और अविवाहित थे। सोमवार शाम वे दुकान बंद कर अपने घर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने पास ही रहने वाले अपने भतीजों को मोबाइल पर संदेश भेजा कि वह मर रहे हैं और उनके बाद घर में रखी सोने-चांदी की रकम आपस में बांट ली जाए।
मैसेज भेजने के बाद राजेन्द्र सूद ने जहर खा लिया। रात करीब 2 बजे उनके भतीजे अंकुर सूद ने मोबाइल पर संदेश देखा और तत्काल उनके घर पहुंचे, जहां उन्होंने बिस्तर पर अपने अंकल का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें- Indore: महिला ने पुलिस कमिश्नर को भेजा वीडियो, स्मैक बेचने वाले पति को कराया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। मंगलवार सुबह मृतक के भतीजे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता के दो भाई और दो बहनें हैं। राजेन्द्र सूद अविवाहित थे और परिवार में वही उनके नजदीकी रिश्तेदार थे। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी जब्त किया है, जिसमें मृतक ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
