मध्यप्रदेश में सर्दी का असर और तेज हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर, शीतल दिन और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उमरिया में भी शीतलहर का प्रभाव बना रहा ।
घना कोहरा बना परेशानी, कई जिलों में दृश्यता बेहद कम
मौसम विभाग के मुताबिक सतना और खजुराहो (छतरपुर) में घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर, गुना, रीवा और दतिया में मध्यम कोहरे का असर रहा। राजगढ़, सीधी और नौगांव में हल्का कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
इन शहरों में सबसे कम न्यूनतम तापमान
शहडोल – 2.7°C
उमरिया- 3.9°C
खजुराहो – 4.5°C
शिवपुरी – 4.6°C
मंडला – 5.0°C
रीवा – 5.0°C
शीतलहर और शीतल दिन की स्थिति
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि उमरिया और शहडोल जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में शीतलहर का असर बना हुआ है, जबकि नरसिंहपुर जिले में शीतल दिन जैसी स्थिति दर्ज की गई। चंबल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना रहा ।
दिन और रात-दोनों में ठंड का असर
प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान मुरैना में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दतिया में 17.6 और श्योपुर में 18.2 डिग्री तापमान रहा। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान छिंदवाड़ा में 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है ।
यह भी पढ़ें-MP में जहरीली हवा पर NGT का सख्त रुख,भोपाल समेत 8 शहर गंभीर संकट में, सरकार से 6 हफ्ते में जवाब तलब
आगे भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के आसार हैं और तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। IMD ने नागरिकों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है ।
यह भी पढ़ें-कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें, कोहरे-शीतलहर से ठिठुरन, भोपाल में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड
IMD की चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि घने कोहरे में प्रदूषक कणों के संपर्क से सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में मास्क के उपयोग, धीमी गति से वाहन चलाने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। शीतलहर के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
