राजधानी के सरोजिनी नायडू स्नातकोत्तर स्वशासी महिला महाविद्यालय (नूतन कॉलेज) में पढ़ने वाली 23 वर्षीय छात्रा प्रियंका उर्फ शिप्रा मेहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह शिप्रा अपने ईश्वर नगर स्थित घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी लेकिन वह कॉलेज न जाकर चूनाभट्टी क्षेत्र की पारिका सोसाइटी पहुंची, जहां उसका पुराना पड़ोसी और परिचित तुषार कपिल रहता है।
बुधवार देर शाम तुषार कपिल शिप्रा को गंभीर हालत में जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान तुषार अस्पताल से मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत चूनाभट्टी थाना पुलिस को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: MP News: सरकारी कार्यालयों में अब बिना वैध दस्तावेजों के नहीं चलेंगे वाहन, परिवहन विभाग ने जारी किया आदेश
चूनाभट्टी थाना पुलिस के अनुसार तुषार कपिल ने अस्पताल प्रबंधन को बताया कि शिप्रा उसके घर आई थी और बिल्डिंग की छत से गिर गई थी। वहीं शिप्रा के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तुषार पिछले एक साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। परिजनों के अनुसार शिप्रा के चेहरे, हाथ और पैरों पर चोट के कई निशान हैं, जिनसे उन्हें आशंका है कि तुषार ने ही उसकी हत्या की है।
पुलिस अब तुषार कपिल की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि शिप्रा की मौत बिल्डिंग से गिरने से हुई या किसी ने उसे धक्का दिया यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगलों से जांच कर रही है और युवती तथा तुषार कपिल दोनों की मोबाइल कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है।
