हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा केस में जेल में बंद सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित आवास में शनिवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। हालांकि, चोर क्या सामान चुरा ले गए, इसका खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम को देख बदमाश जेवरात और महत्वपूर्ण फाइलें छोड़कर भाग खड़े हुए। 

चोरी की यह घटना कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के बाग मुगालिया इलाके की है। पुलिस के अनुसार चोरों ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में सेंधमारी की। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की चार्ली वाहन टीम को घर के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, तो वे अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। हड़बड़ाहट में चोर चोरी किया हुआ सामान भी वहीं छोड़ गए। इसमें जेवरात और महत्वपूर्ण फाइलें बरामद हुईं। 

ये भी पढ़ें-त्विषा शर्मा केस: गिरिबाला-समर्थ की मुश्किलें बढ़ी, एजेंसी की मांग पर 30 जून तक बढ़ाई हिरासत, सीबीआई जांच जारी

घर में अकेला था गिरिबाला का दूसरा बेटा

मिसरोद एसीपी डॉ. रजनीश कश्यप ने बताया कि घटना के समय गिरिबाला सिंह का दूसरा बेटा सिद्धार्थ सिंह घर के नीचे वाले कमरे में सो रहा था। चोरों ने देर रात घर में प्रवेश किया। पुलिस अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि चोर घर के अंदर से क्या-क्या सामान निकालने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घर की बारीकी से जांच की। पुलिस ने घर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में उसकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह जेल में बंद हैं। इस हाई-प्रोफाइल परिवार के घर हुई चोरी की इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन वीवीआईपी सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *