मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद उसकी रफ्तार फिलहाल थम गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 जून को प्रदेश के 15 जिलों में प्रवेश करने के बाद पिछले तीन दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। हालांकि, स्थानीय मौसम प्रणालियों के असर से कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल होने पर मानसून भोपाल और उज्जैन संभाग की ओर बढ़ेगा, जबकि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में इसकी सबसे आखिर में एंट्री होगी। 24 जून को आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी में मानसून के पहुंचने की घोषणा की गई थी। इसके बाद इसकी प्रगति फिलहाल रुक गई है।

मानसून रुका, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी

मानसून आगे नहीं बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। रतलाम में दोपहर बाद तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। वहीं धार जिले की कुक्षी तहसील के बाग क्षेत्र में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- खुद बीमार पड़ रहे रेजिडेंट डॉक्टर: 88% बर्नआउट के शिकार, तनाव से बढ़ रहे आत्महत्या के मामले, सर्वे में खुलासा

रतलाम में 9 घंटे में 40 मिमी, सिवनी में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रतलाम में पिछले 9 घंटे में 40 मिमी बारिश हुई। छिंदवाड़ा में 36 मिमी और धार में 28 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटे में सिवनी में 47.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। बारिश के चलते खंडवा (30.5 डिग्री), खरगोन (30.4 डिग्री), बैतूल (31.2 डिग्री) और पचमढ़ी (30.6 डिग्री) जैसे शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर खजुराहो में 41.6 डिग्री और ग्वालियर में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जिससे इन इलाकों में गर्मी का असर बना रहा।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस का सरकार पर हमला: पटवारी बोले-10 साल में 85 पेपर लीक, 2 करोड़ से ज्यादा अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर

43 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर में बारिश की संभावना जताई है। वहीं ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *