ग्वालियर के थाटीपुर में पेट्रोल के पैसे को लेकर हुए विवाद में तीन आरोपियों ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 60 प्रतिशत झुलसे युवक का इलाज जारी है।

HighLights
- पेट्रोल के दाम को लेकर शुरू हुआ था विवाद।
- आरोपियों ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
- गंभीर रूप से झुलसा युवक अस्पताल में भर्ती है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर इलाके में पेट्रोल बेचने वाले युवक को तीन गुंडों ने जिंदा जलाने की कोशिश की। पेट्रोल से भरी बोतल खरीदने के बाद युवक ने 250 रुपये मांगे, तो सिरफिरे गुंडों ने पहले तो उसे पीटा। उसके बाद पेट्रोल से भरी बोतल उढ़ेलकर माचिस की तीली जलाकर युवक पर फेंक दी।
युवक आग की लपटों से घिर गया। गुंडे आग लगाकर यहां से भाग गए। युवक करीब 60 प्रतिशत तक जल गया है। वह अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में थाटीपुर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। एक आरोपी अब भी फरार है। आरोपी पेट्रोल के लिए 100 रुपये दे रहे थे, जबकि युवक 250 रुपये मांग रहा था।
ये है पूरा मामला
- हजीरा थाना क्षेत्र के पीएचइ कॉलोनी में रहने वाला आकाश सेंगर थाटीपुर चौराहा पर ऑटो स्टैंड पर काम करता है। वह यहां रात में पेट्रोल भी बेचता है। पेट्रोल की बोतल अपने पास रखता है। मंगलवार-बुधवार की रात करीब 12 बजे उसके पास अनुल उर्फ बली अपने साथियों सचिन गुर्जर और अरविंद छाबई के साथ बाइक से पहुंचा।
- उसने पेट्रोल मांगा। पेट्रोल से भरी बोतल आकाश ने उसे थमा दी। आकाश ने 250 रुपये मांगे। इसे लेकर उनके बीच विवाद होने लगा। इन तीनों ने उससे अभद्रता की। आरोपियों ने उसकी मारपीट शुरू कर दी।
- आकाश सेंगर पर इन गुंडों ने पेट्रोल से भरी बोतल उढ़ेल दी। उसके बाद आग लगा दी। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। उसे अस्पताल ले गए। रात में ही पुलिस को सूचना दी।

60 प्रतिशत जला शरीर
डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 20 प्रतिशत से अधिक बर्न के केस में स्थिति चिंताजनक मानी जाती है।
ये भी पढ़ें- MP में जनगणना में लगे 55 हजार शिक्षकों को मिल सकती है तबादला आवेदन की सुविधा
दो गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने युवक के बयान लिए। उसके बाद दोपहर में हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज की। इस मामले में पुलिस ने सचिन गुर्जर और अरविंद छावई को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला।
युवक को जिंदा जलाने की कोशिश
युवक को जिंदा जलाने की कोशिश हुई है। पेट्रोल के दाम को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पेट्रोल डालकर युवक को आग लगा दी। दो आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं। विपेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी, थाटीपुर
