ग्वालियर सहित देशभर में LPG कनेक्शन सरेंडर और नई सेवाओं के नाम पर साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है।

Publish Date: Thu, 25 Jun 2026 06:40:10 PM (IST)Updated Date: Thu, 25 Jun 2026 06:50:59 PM (IST)

सावधान! LPG कनेक्शन बंद कराने के नाम खाली हो सकता है बैंक खाता, IOC ने जारी की चेतावनी
PNG कनेक्शन के बाद LPG सरेंडर करने वालों को निशाना बना रहे साइबर ठग (AI Generated Image)

HighLights

  1. ठग KYC अपडेट और सर्विस चार्ज के नाम पर ठगते
  2. फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही बैंक खाता हो सकता खाली
  3. फ्रॉड होने पर 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत करें शिकायत

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बीते दिनों ग्वालियर-चंबल अंचल सहित देशभर में LPG गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस समस्या से राहत देने के लिए सरकार और तेल कंपनियों ने नियमों में बदलाव किए।

सरकार ने उन उपभोक्ताओं से अपील की थी, जिनके घरों में पाइप वाली गैस यानी PNG कनेक्शन पहुंच चुका है, वे अपने पुराने LPG कनेक्शन को सरेंडर कर दें। लेकिन अब साइबर ठगों ने इसी प्रक्रिया को ठगी का नया जरिया बना लिया है। ग्वालियर सहित देशभर में ठग लोगों को LPG कनेक्शन सरेंडर करने और नई सेवाओं के नाम पर निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने जारी की चेतावनी

इस तरह की ठगी की शिकायतें सामने आने के बाद देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने उपभोक्ताओं को अलर्ट किया है। इंडियन ऑयल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट जारी कर ग्राहकों को सावधान रहने की अपील की है। कंपनी ने कहा कि कुछ फर्जी लोग नए LPG कनेक्शन और उससे जुड़ी सेवाओं के नाम पर ग्राहकों से अवैध रूप से पैसे मांग रहे हैं।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से कहा है कि किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से करें और भुगतान सिर्फ अधिकृत प्लेटफॉर्म के जरिए ही करें।

फर्जी मैसेज और ईमेल से बनाया जा रहा शिकार

ठग उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर इंडियन ऑयल या इंडेन गैस के नाम से फर्जी मैसेज और ईमेल भेज रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जाता है कि नियमों के अनुसार LPG कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना होगा या KYC अपडेट करना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर कनेक्शन बंद होने की बात कही जाती है। मैसेज में एक फर्जी लिंक भी भेजा जाता है। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद उपभोक्ता से नए कनेक्शन की फीस या सर्विस चार्ज के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया जाता है। भुगतान करते ही ठग बैंक खाते से रकम निकाल लेते हैं।

LPG ठगी से ऐसे बचें

डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए इंडियन ऑयल ने ग्राहकों को सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज, ईमेल या लिंक पर बिना जांच के प्रतिक्रिया न दें।

यदि किसी उपभोक्ता को LPG कनेक्शन सरेंडर करना है या नया कनेक्शन लेना है, तो वह सीधे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें। इसके अलावा कंपनी की अधिकृत वेबसाइट और आधिकारिक ऐप का ही इस्तेमाल करें।

फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि कोई व्यक्ति इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है तो उसे बिना समय गंवाए कार्रवाई करनी चाहिए।पीड़ित राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा नजदीकी थाने में भी मामले की जानकारी दी जा सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *