अपने पति को शिलांग ले जाकर मौत के घाट उतारने वाली सोनम रघुवंशी अपने बयानों को लेकर फिर चर्चा में है। उसने कहा था कि वह नेपाल नहीं भागी है और शिलांग में ही रह रही है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उसने यह खुलासा नहीं किया कि वह शिलांग में किसी होटल में रुकी है या कोई घर किराए पर लिया है।
उधर यह भी पता चला है कि जेल से जमानत मिलने के बाद शिलांग में मौजूद सोनम के पिता फिर इंदौर लौट चुके हैं। सोनम शिलांग में अकेली रह रही है। वहीं, राजा रघुवंशी के परिजन लगातार सोनम के परिवार पर उसकी मदद करने के आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि केस लड़ने से लेकर सोनम के रहने का खर्च तक उसका परिवार उठा रहा है।
राजा के भाई विपिन ने कहा था कि जब सोनम का भाई हमारे घर आया था, तब उसने कहा था कि वह राजा के परिवार के साथ है और सोनम को सजा दिलाने में पूरी मदद करेगा। उधर गोविंद कह चुका है कि वह सोनम की मदद नहीं कर रहा है। उसने सोनम के लिए वकील भी नहीं किया है।
जमानत पर फैसला सुरक्षित
जब सोनम को गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था, तब दर्ज प्रकरण में गलत धारा का उल्लेख हो गया था। इसे लेकर सोनम के वकील ने कोर्ट में आपत्ति ली थी और 11 माह बाद सोनम को जमानत मिल गई थी। उसकी जमानत को लेकर मेघालय सरकार ने कोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है।
सोनम के कोर्ट की सुनवाई में मौजूद न रहने पर राजा के भाई विपिन ने सवाल उठाए थे और उसके नेपाल भाग जाने की आशंका जताई थी। लेकिन सोनम मीडिया के सामने आकर कह चुकी है कि वह शिलांग में है और कोर्ट से मिली जमानत की शर्तों का पूरा पालन कर रही है।
आपको बता दें कि पिछले साल 23 मई को सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ साजिश रचकर उसके तीन साथियों की मदद से राजा की हत्या कर दी थी और शव को खाई में फेंक दिया था। इसके बाद वह इंदौर आ गई थी।
