ग्वालियर में डीएलएड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में मूल परीक्षार्थी की जगह उसका चाचा परीक्षा देने पहुंच गया। …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर में डीएलएड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया
- फोटो परीक्षार्थी के चेहरे से अलग था, जांच हुई तो खुला राज
- रिश्ते का चाचा, एक ही गांव में रहते हैं दोनों आरोपित
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डीएलएड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में मूल परीक्षार्थी की जगह उसका चाचा परीक्षा देने पहुंच गया। भतीजा अंग्रेजी में कमजोर था, इसलिए चाचा परीक्षा हाल तक पहुंच गया। यहां रोल नंबर और उपस्थिति पत्रक में लगे फोटो से जब परीक्षार्थी का फोटो मिसमैच हुआ तो पूछताछ हुई। तुरंत केंद्राध्यक्ष को बताया गया। इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गोला का मंदिर थाना पुलिस ने इस मामले में मूल परीक्षार्थी और उसकी जगह परीक्षा देने पहुंचे साल्वर और उसके भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
छात्र की जगह चाचा पहुंचा था परीक्षा देने
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित डीएलएड परीक्षा के लिए गोला का मंदिर के काल्पी ब्रिज कॉलोनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्राध्यक्ष विजय पिपरौलिया हैं। महिला शिक्षक की ड्यूटी बतौर पर्यवेक्षक लगी थी। यहां रोल नंबर 36141704 पर मोनू धाकड़ निवासी कैलारस, चौकी गांव, मुरैना को परीक्षा देने पहुंचना था। उसकी जगह उसका चाचा संतोष धाकड़ निवासी चौकी गांव पहुंचा।
फोटो परीक्षार्थी के चेहरे से अलग था
परीक्षा प्रारंभ हो गई। जब उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर शुरू हुए तो महिला शिक्षक ने देखा कि उपस्थिति पत्रक व रोल नंबर में लगा फोटो एक ही था। लेकिन यह फोटो परीक्षार्थी के चेहरे से अलग था। इसके बाद केंद्राध्यक्ष को बुलाया गया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम संतोष बताया और कहा कि वह अपने भतीजे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था।
दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। रिश्ते का चाचा, एक ही गांव में रहते हैं। आरोपित गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि संतोष मोनू का रिश्ते में चाचा लगता है। दोनों एक ही गांव के हैं। हमउम्र भी हैं। मोनू पढ़ाई में कमजोर है। इनके बीच परीक्षा देने को लेकर कोई लेनदेन हुआ है या नहीं इसे लेकर पूछताछ की जाएगी।
