भोपाल के वाजपेयी नगर मल्टी से छह वर्षीय मासूम अंश मैना मंगलवार को खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। परिजनों की सूचना पर कोहेफिजा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे की तलाश में तीन थानों की पुलिस और कई विशेष टीमें लगातार जुटी हुई हैं, लेकिन करीब 24 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

अस्पताल में भर्ती है मां, घर के बाहर से गायब हुआ मासूम


पुलिस के अनुसार अंश अपने परिवार के साथ वाजपेयी नगर मल्टी में रहता है। उसकी मां गंभीर रूप से बीमार हैं और एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को अंश घर के पास खेल रहा था, तभी वह अचानक गायब हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

रातभर चली सर्चिंग, कई इलाकों में दबिश


मामले की गंभीरता को देखते हुए कोहेफिजा पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। जोन-3 के अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया। पुलिस टीमों ने रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और भोपाल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गांधीनगर, लालघाटी समेत कई संवेदनशील इलाकों में सर्च अभियान चलाया। बुधवार को भी दिनभर पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी रहीं।

पढे़ं:  ‘महाकाल की कृपा रही तो इसी सत्र में होगा पार’, यूसीसी विधेयक को लेकर सीएम मोहन यादव ने दिए संकेत

सीसीटीवी में संदिग्ध व्यक्ति के साथ दिखा बच्चा


जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें अंश एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

10 हजार रुपए का इनाम घोषित


कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। साइबर सेल, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बच्चे की तलाश की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने अंश के संबंध में ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की है। परिजनों ने बच्चे के अपहरण और किसी अनहोनी की आशंका जताई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *