पीड़ित महिला मायके वालों के साथ थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई। …और पढ़ें

HighLights
- शादी के बाद से प्रताड़ना, अब गर्भपात
- बंदूक की नोक पर दी जान से मारने की धमकी
- चुप रही पीड़िता, दोबारा मारपीट पर पहुंची थाने
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर में एक गर्भवती महिला को उसके पति व अन्य ससुरालीजनों ने मिलकर बेरहमी से पीटा। उसके पेट और कमर में लात मारी। महिला का गर्भपात (मिसकैरेज)भी हो गया। महिला डर के कारण चुप रही। जब दोबारा मारपीट की तो महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर जर्द कर ली है।
उपनगर ग्वालियर स्थित नौ महला इलाके में रहने वाली संगम पारछे की शादी सुमित पारछे से हुई है। सुमित और उसके परिवार वाले संगम को प्रताड़ित करते हैं। शादी के बाद से ही यह लोग उसे परेशान करने लगे थे। संगम गर्भवती हो गई। पिछले माह उसके पति सुमित ने इलाज के लिए रखे रुपये चोरी कर लिए। इस पर जब संगम ने उससे रुपये मांगे तो इन्कार करने लगा। इसके बाद उसने अभद्रता की।
जब संगम ने टोका तो सुमित, उसकी मां सुनीता पारछे, जेठ संजय पारछे, देवर रितिक पारछे ने मारपीट शुरू कर दी। उस समय संगम को दो माह का गर्भ था। चोट लगने से उसके अत्यधिक ब्लीडिंग हुई और गर्भपात हो गया। इसके बाद भी उसे परेशान करना बंद नहीं किया। तीन जून को उसके साथ फिर मारपीट की। महिला अपने मायके चली गई। यहां मायके वालों को घटना बताई। मायके वालों के साथ थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई।
पति ने कट्टा अड़ाकर दी धमकी, किसी से कुछ कहा तो मार डालूंगा
28 मई को मारपीट के बाद गर्भपात हो गया तो महिला के पति सुमित पारछे ने कट्टा अड़ा दिया। वह अपने कमरे में से कट्टा निकालकर लाया। उसने महिला पर अड़ाया और कहा कि अगर किसी से कुछ भी कहा तो गोली मार देगा। इसके बाद महिला चुप हो गई। फिर तीन जून को दोबारा मारपीट की। तब वह अपने मायके गई। मायके जाने से भी रोका: जब महिला मायके जाने की बात कहने लगी तो ससुराल वाले विरोध करने लगे। मायके वाले उसे लेने घर पहुंचे। तब उसे जाने दिया।
