कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। 52 वर्षीय मीनाक्षी मंदसौर की रहने वाली हैं। अपने नामांकन के जमा किए शपथपत्र के अनुसार मीनाक्षी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। न कोई घर है, न ही कोई कृषि भूमि है।
नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र के अनुसार मीनाक्षी नटराजन के पास विभिन्न बैंक खातों, सावधि जमा (एफडी), पीपीएफ, बीमा और अन्य निवेशों को मिलाकर कुल 1 करोड़ 35 लाख 37 हजार 232 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास नकद 35 हजार रुपये भी हैं। उन्होंने अपने नाम पर विभिन्न बैंकों में लगभग 88 लाख रुपये से अधिक की एफडी और अन्य जमा राशि होने की जानकारी दी है। इसके अलावा पीपीएफ खाते में 3.08 लाख रुपये तथा जीवन बीमा योजनाओं में भी निवेश दर्शाया गया है।
ये भी पढ़ें- वन रक्षक-जेल प्रहरी परीक्षा रद्द: नाराज छात्रों ने ईएसबी कार्यालय का किया घेराव, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उज्जैन और इंदौर में की पढ़ाई
शैक्षणिक योग्यता के विवरण में मीनाक्षी नटराजन ने अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई उज्जैन से की है। वहीं, एमएससी (बायोकेमिस्ट्री) और एलएलबी तक की शिक्षा उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से हासिल की है।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha Election: नटराजन के सामने केवट, खरीद-फरोख्त की आशंका के बीच क्या बोले कांग्रेस के दिग्गज?
एक कार और 100 ग्राम सोना
शपथ पत्र के अनुसार उनके पास वर्ष 2021 मॉडल की एक टाटा टियागो कार है, जिसकी वर्तमान अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये है। इसके अलावा 100 ग्राम सोने के आभूषण भी हैं, जिनकी मौजूदा कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। मीनाक्षी नटराजन ने शपथ पत्र में कृषि भूमि, गैर-कृषि भूमि, आवासीय या व्यावसायिक भवन सहित किसी भी प्रकार की अचल संपत्ति अपने नाम पर नहीं होने की जानकारी दी है। उन्होंने किसी बैंक, वित्तीय संस्था या अन्य स्रोत से ऋण अथवा देनदारी भी नहीं दर्शाई है।
ये भी पढ़ें- MP RajyaSabha Election: महेश केवट ने भरा नामांकन, सीएम यादव बोले- तीनों सीटें जीतने के लिए संकल्पित हैं हम
कोई आपराधिक मामला नहीं
नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है और ना ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार मीनाक्षी नटराजन ने वर्ष 2024-25 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल किया है, जिसमें उनकी वार्षिक आय 5.78 लाख रुपये दर्शाई गई है। उनकी आय का मुख्य स्रोत पूर्व लोकसभा सांसद के रूप में मिलने वाली पेंशन और जमा राशि पर मिलने वाला ब्याज बताया गया है।
ये भी पढ़ें- Explainer: भाजपा के पास 10 वोट कम, कांग्रेस के पास 5 ज्यादा, ऐसे में किसे मिलेगी MP की तीसरी राज्यसभा सीट?
