इंदौर पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सदर बाजार थाना क्षेत्र से बड़ी मात्रा में अवैध भांग की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में 11 से अधिक बोरों में भरी अवैध भांग बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक हितेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में हितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि भांग अरविंदो क्षेत्र स्थित एक खेत से वाहन में भरवाई गई थी। उसने यह भी बताया कि रास्ते में उसे फोन कर आगे कहां माल पहुंचाना है, इसकी जानकारी दी जानी थी। हालांकि वह यह नहीं बता सका कि भांग किसे और कहां सप्लाई की जानी थी।
पढ़ें: जैतपुर कांड के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 350 किलो गांजा जब्त; अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
एडिशनल डीसीपी सुमित केराकट्टा के मुताबिक सदर बाजार पुलिस ने करीब 11 क्विंटल अवैध भांग जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल लोडिंग वाहन भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी हितेंद्र सिंह से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि भांग कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी डिलीवरी की जानी थी।