रविवार, 17 मई से ही दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा, जो सप्ताह के मध्य (20 से 23 मई) तक 47 डिसे के रिकार्ड स्तर को छू सकता है। …और पढ़ें

HighLights
- तवे की तरह तपेगा ग्वालियर अंचल
- दोपहर 11 से शाम 5 बजे तक ‘कर्फ्यू’ जैसे हालात
- इस सीजन का सबसे गर्म हफ्ता होने के आसार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अंचल में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं और आने वाले दिन शहरवासियों के लिए और भी भारी पड़ने वाले हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 17 से 23 मई के बीच ग्वालियर और चंबल संभाग में हीटवेव (लू) का प्रकोप रह सकता है। इस पूरे हफ्ते सूरज के तीखे तेवरों के चलते तापमान में रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी हवाओं के कारण तप रहा है ग्वालियर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान की ओर से आ रही शुष्क और गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण ग्वालियर तवे की तरह तपेगा। 17 मई से ही दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा, जो सप्ताह के मध्य (20 से 23 मई) तक 47 डिसे के रिकार्ड स्तर को छू सकता है। केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी बढ़त दर्ज की जाएगी। न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री के आसपास रहने के कारण रात के समय भी गर्म हवाएं (उमस और लू) लोगों को बेचैन करेंगी।
दोपहर 11 से शाम पांच बजे तक चलेंगे लू के थपेड़े
इस आगामी सप्ताह में दोपहर 11 से शाम पांच बजे तक तेज लू के थपेड़े चलेंगे। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जिससे धूप में निकलना झुलसने जैसा महसूस होगा। कुल मिलाकर 17 से 23 मई तक का यह सप्ताह ग्वालियर के लिए इस सीजन का सबसे गर्म हफ्ता साबित हो सकता है। यानी नौतपा से पहले ही अंचल में गर्मी इतनी रहेगी कि लोगों को नौतपा की गर्मी का अहसास होगा।
यह रह सकता है सात दिनों में मौसम
- 17 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी। जिससे गर्मी काफी रहेगी।
- 18 मई: तेज धूप रहेगी, तापमान भी 44 डिसे पर रहेगा। दिन में झुलसाने जैसी स्थिति बनेगी।
- 19 मई: तेज धूप रहेगी तापमान 44 डिसे पर रहेगा और हीटवेव चल सकती है।
- 20 मई: अधिक गर्मी के साथ लू चल सकती है अैर बेहद गर्म दिन रह सकता है।
- 21 मई: तीखी धूप के साथ गर्मी अधिक रहेगी और झुलसने जैसी स्थिति रहेगी।
- 22 मई: तापमान 44 डिसे या इससे ऊपर रहेगा। साथ ही लू भी चल सकती है।
- 23 मई: तापमान 45 डिसे के पार जा सकता है और लू चलेगी।
