मालवा-निमाड़ प्रचंड गर्मी से झुलस रहा है। इंदौर में लगातार दूसरे दिन बुधवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा। वहीं, मंगलवार की रात इंदौर में प्रदेश की सबसे गर्म रात रही। इस रात न्यूनतम तापमान 30.2 रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। 

वैसे तो जेठ महीने के आरंभ से ही गर्मी के तीखे तेवर हो जाते हैं पर इस बार कुछ अधिक ही गर्म दिनों के साथ रातें भी गर्म हो रही हैं। दिन में बाजार सूने हो रहे हैं। गर्मी का ये आलम है कि पक्षी भी पेड़ों पर दुबके बैठे हैं और संध्या को कुछ ठंडा वातावरण होने का इंतजार करते हैं। अभी गर्मी का नौतपा आरंभ होने में 12 दिन शेष हैं, यदि यही हाल रहा तो नौतपे की तीखे तेवर की कल्पना जा सकती है।  

 




Heat waves disrupt life in Indore, with temperatures reaching 43.6 degrees for the second consecutive day

पानी के फव्वारों के पास लोगों को राहत मिल रही है।
– फोटो : अमर उजाला


सामान्य से चार डिग्री ज्यादा

मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था, वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। इस तरह 12 मई को प्रदेश की सबसे गर्म रात इंदौर की रही है। इसी तरह बुधवार 13 मई को भी शहर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। 

रात का पारा पांच डिग्री उछला

सोमवार रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री था, जो मंगलवार को उछलकर 30.2 दर्ज किया गया, यानि एक दिन में रात्रि के तापमान में 5.4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जब किसी शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहे और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री अधिक रहे तो वह गर्म रात्रि कहलाती है। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री से अधिक रहे तो वह भीषण गर्म रात्रि कहलाती है। मंगलवार को इंदौर का न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक था, इसलिए यहां मंगलवार की रात प्रदेश की सबसे गर्म रात्रि रही।

 


Heat waves disrupt life in Indore, with temperatures reaching 43.6 degrees for the second consecutive day

जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं। वो भी अपने आप को ढंककर।
– फोटो : अमर उजाला


25 मई 1994 को पारा रहा था 46 डिग्री

इंदौर में मई महीने में दिन के साथ रातें भी गर्म होती हैं। दिन का तापमान अधिक रहता है और लू का प्रकोप रहता है। मई महीने में सर्वाधिक तापमान 25 मई 1994 को 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मई में सबसे ठंडी रात 3 मई 1881 को दर्ज की गई थी। उस दिन न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

पिछले साल मई में आठ इंच वर्षा

मई माह में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 1886 का था, लेकिन यह 2025 में टूट गया। 1886 में 107.7 मिलीमीटर यानी करीब चार इंच वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि पिछले वर्ष 2025 में 207.9 मिमी यानी आठ इंच बारिश हुई थी। पिछले एक दशक में सर्वाधिक तापमान 2024 में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 


Heat waves disrupt life in Indore, with temperatures reaching 43.6 degrees for the second consecutive day

गर्मी से बचने के लिए पानी में मस्ती करते बच्चे।
– फोटो : अमर उजाला


गर्मी ने बढ़ाया बिजली और पानी का संकट

शहर में करीब 600 टैंकरों से जल की आपूर्ति की जा रही है। इंदौर इस समय भीषण जल संकट का सामना कर रहा है। शहर की कई कॉलोनियों में लोग पानी को लेकर परेशान हैं। गर्मी के कारण बिजली की आंख मिचौनी से लोग परेशान हैं। बिजली की मांग में भी बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। कूलरों, पंखों और एयर कंडीशनर को आराम ही नहीं मिल पा रहा है।

राजस्थान और गुजरात की गर्म हवाओं का कहर

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम इसी तरह गर्म रहने की संभावना है। गर्मी में राहत के कोई संकेत नहीं हैं। राजस्थान और गुजरात से आने वाली गर्म हवाएं मालवा और निमाड़ में गर्मी का कहर बरपा रही हैं। भारतीय पंचांग के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा यानि गर्मी इस दौरान अपने तेवरों के साथ रहेगी। 

मई में दशक में तीसरी बार सर्वाधिक तापमान 

तारीख अधिकतम तापमान
19 मई 2016 44.5°C
23 मई 2024 44.5°C
12 और 13 मई 2026 43.6°C




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *