भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार शाम राजधानी भोपाल में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने और गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग को लेकर विशाल मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता शामिल हुए। मशाल जुलूस के दौरान पूरे मार्ग में छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र अधिकारों और गौ संरक्षण को लेकर आवाज बुलंद की। जुलूस में जयवर्धन सिंह, आतिफ अकील, पीसी शर्मा, प्रवीण सक्सेना, विवेक त्रिपाठी, एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल मंडलोई सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
छात्र संघ चुनाव युवाओं का लोकतांत्रिक अधिकार
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का अहम हिस्सा हैं, लेकिन प्रदेश सरकार लंबे समय से इन्हें दबा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव नहीं होने से युवाओं की नेतृत्व क्षमता प्रभावित हो रही है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों और कॉलेज परिसरों में छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
गौवंश संरक्षण को लेकर सरकार पर निशाना
विधायक आतिफ अकील ने कहा कि प्रदेश और देश में लगातार गौ हत्या के मामले सामने आ रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों में दोहरापन दिखाई देता है। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, लेकिन प्रदेश में गौवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने और गौशालाओं की स्थिति सुधारने की मांग की।
यह भी पढ़ें-कब्रिस्तान के नीचे टनल निर्माण पर बढ़ी सियासत, अब हिंदू संगठनों ने दी चेतावनी
भाजपा एनएसयूआई से डरती है
एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने कहा कि भाजपा छात्र राजनीति से डरती है, इसलिए प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बंद कर दिए गए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कई बड़े नेता छात्र राजनीति से ही निकले हैं और छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगा।
यह भी पढ़ें-सिटी बसें बीमार, यात्रियों से लगवा रहे धक्का, 350 में से सिर्फ 50 बसें सड़कों पर, सफर बना सजा
न्यू मार्केट में भारी पुलिस बल तैनात
मशाल जुलूस को देखते हुए न्यू मार्केट इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। रैली के दौरान छात्रों में असलम चमड़े मामले में पुलिस जांच और जमानत को लेकर भी नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से दोनों मांगों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
