मध्य प्रदेश में करीब 18-19 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती अब नियुक्ति आदेशों में देरी के कारण विवादों में आ गई है। माध्यमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन) और प्राथमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन एवं नृत्य) भर्ती 2024 के चयनित अभ्यर्थी नियुक्ती की मांग कर रहे हैं। चयनित उम्मीदवारों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अब तक जॉइनिंग नहीं दी गई।
2022 में निकला था विज्ञापन
अभ्यर्थियों के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया 2022 में विज्ञापन जारी होने के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई और सितंबर 2025 में परिणाम घोषित किए गए। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं किए गए।
नियम में 3 महीने, बीत गए 10 महीने
चयनित अभ्यर्थियों ने परीक्षा संचालन नियम पुस्तिका के नियम 3.28 का हवाला देते हुए कहा कि चयन सूची जारी होने के तीन महीने के भीतर नियुक्ति आदेश जारी होना चाहिए। इसके बावजूद 9 से 10 महीने गुजर जाने के बाद भी पात्र-अपात्र सूची तक जारी नहीं हुई और चॉइस फिलिंग भी शुरू नहीं हो सकी।
दूसरे विषयों की जॉइनिंग हो गई, हमें क्यों रोका
अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि जब अन्य विषयों की भर्ती प्रक्रिया साथ चली, परिणाम साथ आए और दस्तावेज सत्यापन भी एक साथ हुआ, तो केवल संगीत और नृत्य विषय के चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति क्यों रोकी गई। उनका आरोप है कि विभाग लगातार सिर्फ आश्वासन दे रहा है।
यह भी पढ़ें-एमपी में खत्म होगा आंधी-बारिश का दौर, अब लू और भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, 12 मई से अलर्ट
कई बार पहुंचे DPI कार्यालय
चयनित उम्मीदवारों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर 30 जनवरी, 16 फरवरी, 26 फरवरी, 18 मार्च, 1 अप्रैल, 17 अप्रैल और 6 मई को बड़ी संख्या में डीपीआई कार्यालय पहुंच चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल इंतजार करने को कहा गया।
शिक्षकों की कमी के बीच नियुक्ति नहीं
अभ्यर्थियों ने सीएजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के 1,895 स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं है, जबकि 29,116 स्कूलों में करीब 99,682 शिक्षकों की कमी है। इसके बावजूद चयनित शिक्षकों को नियुक्ति नहीं देना समझ से परे है।
यह भी पढ़ें-शहर की 80 पिछली गलियां होंगी चमकदार, गंदगी मिलने पर अफसरों पर होगी कार्रवाई
11 मई को घेराव की चेतावनी
करीब एक हजार चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी ज्वाइनिंग दो अभियान तेज हो गया है।
