इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में स्थित लवकुश चौराहे के ब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस घटना में एक युवक और एक युवती की जान चली गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों दोपहिया वाहन पर सवार होकर ब्रिज से गुजर रहे थे, तभी उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही युवती ब्रिज से उछलकर नीचे जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया था। वहीं युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई थी और उसका इलाज जारी था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार को उपचार के दौरान युवक ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

निजी कंपनी में काम करते थे पायल और अकरम

बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई। मृतकों की पहचान पायल चावड़ा और अकरम के रूप में हुई है। ये दोनों विजय नगर इलाके से सुपर कॉरिडोर की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों एक ही निजी कंपनी में कार्यरत थे। युवती मूल रूप से कालापीपल की निवासी थी और युवक मंदसौर का रहने वाला था। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि युवक के शव का पोस्टमार्टम किया जाना बाकी है।

पहले भी हुए कई हादसे

गौरतलब है कि पहले भी यहां पर कई हादसे हो चुके हैं। यहां से भारी वाहन भी गुजरते हैं जिसके कारण कई बड़े हादसे हो चुके हैं। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *