विधायक प्रीमियर क्रिकेट लीग के शुभारंभ पर जैसे ही खिलाड़ियों ने मैदान में प्रवेश किया, जोरदार आतिशबाजी से पूरा आसमान रोशनी से चमक उठा। …और पढ़ें

Publish Date: Sat, 09 May 2026 11:54:28 AM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 11:54:59 AM (IST)

दूधिया रोशनी में चमका ग्वालियर का एमएलबी मैदान, विधायक प्रीमियर क्रिकेट लीग का धमाकेदार आगाज; आज से रोजाना पांच मुकाबले
क्रिकेट लीग के शुभारंभ पर हाथों में फ्लैग लेकर मार्चपास्ट में भाग लेते प्रतिभागी खिलाड़ी। दूसरे चित्र में क्रिकेट खेलतीं महापौर डॉ. शोभा सिकरवार। सौजन्य आयोजक

HighLights

  1. 164 टीमों की रंगारंग मार्चपास्ट के बीच आतिशबाजी ने बांधा समां
  2. महापौर ने कहा- खेल अनुशासन और चुनौतियों से लड़ना सिखाते हैं
  3. फ्रेंडली मैच से हुई शुरुआत, शनिवार से शुरू होंगे नॉकआउट मुकाबले

डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर में जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आयोजित विधायक प्रीमियर लीग 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार शाम एमएलबी कॉलेज मैदान पर भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर टीम 18/एफ और टीम 56/वाय के बीच फ्रेंडली मैच खेला गया। शनिवार से टूर्नामेंट के नियमित नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे, जिनमें प्रतिदिन पांच मैच खेले जाएंगे।

रंगारंग शुभारंभ समारोह के दौरान दूधिया रोशनी से जगमगाता एमएलबी मैदान आकर्षण का केंद्र बना रहा। 164 टीमों के खिलाड़ियों ने हाथों में फ्लैग लेकर मार्चपास्ट किया। जैसे ही खिलाड़ियों ने मैदान में प्रवेश किया, जोरदार आतिशबाजी से पूरा आसमान रोशनी से चमक उठा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और चुनौतियों से मुकाबला करना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ मानवता निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

शुभारंभ समारोह में ग्वालियर ग्रामीण विधायक साहब सिंह गुर्जर और मप्र यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने सफेद कबूतर उड़ाकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों ने आयोजन समिति और न्यास के अध्यक्ष विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार की सराहना की।

स्वागत भाषण संयोजक डॉ. राकेश अग्रवाल ने दिया, जबकि संचालन न्यास के सचिव अवधेश कौरव ने किया। अतिथियों का स्वागत उपाध्यक्ष विनोद जैन, सह-संयोजक संजय कठ्ठल, कोषाध्यक्ष अवध सिंह धाकरे और न्यासी आदित्य सिंह सिकरवार ने किया।

आज इनके बीच मैच

शनिवार शाम चार बजे से मुकाबलों की शुरुआत होगी। पहला मैच टीम 21/ए और टीम 21/जी के बीच खेला जाएगा। इसके बाद टीम 20/सी बनाम 20/ई, टीम 57/ए बनाम 57/के, टीम 56/ए बनाम 56/जेड और अंतिम मुकाबला टीम 45/ए एवं 45/एम के बीच होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *