ग्वालियर में दिनदहाड़े लॉ छात्रा के कथित अपहरण मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी जीतू तोमर और उसके साथी तक नहीं पहुंच सकी है। इसी बीच आरोपी और छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है।
वीडियो में खुद को जीतू तोमर बताने वाला युवक कह रहा है कि छात्रा उसकी गर्लफ्रेंड है और दोनों पिछले ढाई साल से रिलेशनशिप में है। उसने कहा कि मीडिया में जिस तरह किडनैपिंग की बात दिखाई जा रही है, वैसा कुछ नहीं है। दोनों अपनी मर्जी से साथ गए हैं और जल्द घर लौट आएंगे। वीडियो में उसने यह भी कहा कि उनके परिवार वालों को परेशान न किया जाए।
ये भी पढ़ें- महंगी पड़ी इश्कबाजी: होटल के कमरे में प्रेमिका के संग रंगे हाथों पकड़ाया डॉक्टर पति, पत्नी ने जमकर की धुनाई
वीडियो में छात्रा भी युवक के साथ बैठी नजर आ रही है। हालांकि पुलिस अब वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा नाबालिग है, इसलिए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
दरअसल, घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कम्पू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़िया इलाके की है। जानकारी के मुताबिक 17 वर्षीय लॉ छात्रा अपनी सहेली डोली के साथ कॉलेज गेट के बाहर खड़ी थी। तभी बिना नंबर की बलेनो कार में आरोपी जीतू तोमर अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार रुकते ही आरोपियों ने छात्रा को जबरन पकड़कर कार में बैठा लिया। छात्रा की सहेली डोली ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी छात्रा को लेकर मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपी छात्रा का मोबाइल फोन भी छीनकर सड़क पर फेंक गए, ताकि उससे संपर्क न हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहरभर में नाकाबंदी कराई गई। हाईवे, टोल प्लाजा और शहर के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है और छात्रा की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
