पहले लक्ष्मीबाई समाधि के पास ही लूप उतारने की तैयारी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब ये योजना अधर में लटकी हुई है। …और पढ़ें

HighLights
- दो बार ठुकराई गई अनुमति
- वैकल्पिक मार्ग की तलाश
- मुख्यालय स्तर पर मंथन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एलिवेटेड रोड के प्रथम चरण के अंतर्गत फूलबाग क्षेत्र में वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के पास एग्जिट लूप का प्लान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की अनुमति में अटक गया है।
दोनों बार अनुमति से इनकार
इसके लिए दो बार लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग की ओर से प्रयास किए गए हैं, लेकिन दोनों बार एएसआई ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसका नतीजा यह है कि जलालपुर से चलकर फूलबाग तक आने वाले लोग कैसे इस एलिवेटेड रोड से उतरेंगे, इसका कोई प्लान तैयार नहीं हो पा रहा है।
पहले लक्ष्मीबाई समाधि के पास ही लूप उतारने की तैयारी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब ये योजना अधर में लटकी हुई है।
कई चुनौतियां आई हैं सामने
पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने प्लान तैयार किया था कि यदि लक्ष्मीबाई समाधि के पास लूप उतारने की अनुमति नहीं मिलती है, तो इस लूप को पड़ाव स्थित शास्त्री ब्रिज की ओर बढ़ाकर उतारा जा सकता है।
हालांकि इससे प्रोजेक्ट की लागत में वृद्धि होने के साथ ही कई अन्य चुनौतियां भी सामने आई हैं। फिलहाल विभागीय अधिकारी इसका भी परीक्षण करा रहे हैं कि अनुमति न मिलने की स्थिति में एग्जिट लूप का प्लान क्या हो सकता है।
इसके लिए मुख्यालय स्तर पर भी मंथन करने के साथ ही प्रयास किए जा रहे हैं कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से निर्माण की अनुमति मिल सके। अनुमति मिलने की स्थिति में एक्जिट लूप के प्लान का क्रियान्वयन हो सकेगा। ऐसा न होने की स्थिति में फिर वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी।
कार्यपालन यंत्री बोले-
फूलबाग क्षेत्र में वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के पास लूप उतारने के लिए एएसआइ से अनुमति लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। अनुमति मिलने की स्थिति में एग्जिट लूप का काम हो सकेगा। -जोगिंदर यादव, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग
