मध्यप्रदेश में भोपाल और इंदौर में शुरू हुई मेट्रो सेवा अपेक्षित यात्रियों को आकर्षित नहीं कर पा रही है। हालात यह हैं कि रोजाना करीब 8 लाख रुपये तक का खर्च होने के बावजूद कई दिनों में 100 से भी कम यात्री सफर कर रहे हैं। ऐसे में बढ़ते घाटे की भरपाई के लिए मेट्रो प्रशासन ने अब नई पहल शुरू की है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ योजना लागू की है। इसके तहत अब मेट्रो कोच और स्टेशन परिसर में प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग, बर्थडे पार्टी और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इसके लिए 5 हजार से 7 हजार रुपये प्रति घंटे तक शुल्क तय किया गया है और बुकिंग कम से कम 15 दिन पहले करानी होगी।
शुरुआत से ही उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी मेट्रो
भोपाल में मेट्रो का शुभारंभ 20 दिसंबर 2025 को हुआ, जबकि 21 दिसंबर से आम यात्रियों के लिए सेवा शुरू हो गई। वहीं इंदौर में मेट्रो 31 मई 2025 से संचालित हो रही है। शुरुआत के बाद से ही यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाई, जिससे प्रोजेक्ट की उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं। भोपाल मेट्रो की लंबाई बढ़ाकर 30.90 किलोमीटर की गई, जिससे इसकी लागत 6,914 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 10,033 करोड़ रुपये हो गई। वहीं इंदौर मेट्रो परियोजना की लागत भी बढ़कर लगभग 11,501 करोड़ रुपये पहुंच गई है। दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुका है।
कमाई बढ़ाने के नए प्रयास
मेट्रो प्रशासन अब गैर-भाड़ा (नॉन-फेयर) आय बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ के तहत आयोजन की अनुमति दी जाएगी, लेकिन सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। शराब, धूम्रपान और ज्वलनशील सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, साथ ही सभी प्रतिभागियों की जांच अनिवार्य होगी।
भोपाल में 6 किमी में 8 स्टेशन
भोपाल में फिलहाल करीब 6 किलोमीटर ट्रैक पर 8 स्टेशनों के बीच मेट्रो चल रही है, जबकि इंदौर में 6.3 किलोमीटर के दायरे में सेवा संचालित हो रही है। कुल मिलाकर भारी निवेश के बावजूद सीमित यात्री संख्या मेट्रो के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में अब प्रशासन नए प्रयोगों के जरिए आय बढ़ाने और उपयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें- दीवार में कैद शौचालय: पहले 90° ब्रिज, अब बंद रास्ते वाला शौचालय, राजधानी भोपाल में प्लानिंग का एक और फेल मॉडल
‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’
नई व्यवस्था के तहत फिल्म, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और विज्ञापन शूटिंग के अलावा बर्थडे पार्टी, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन और क्रिएटिव फोटोशूट की अनुमति होगी। आयोजनों के लिए मेट्रो संचालन और यात्रियों की सुविधा प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- कैबिनेट बैठक आज: दलहन उत्पादन बढ़ाने नई योजना के प्रस्ताव पर होगा मंथन, दलहनी फसलों पर बोनस देने की तैयारी
टैरिफ और नियम
स्थिर (स्टेशन पर खड़ी) अनडेकोरेटेड कोच: 5,000 प्रति घंटा, चलती (मोबाइल) अनडेकोरेटेड कोच: 7,000 प्रति घंटा
बर्थडे/प्री-वेडिंग के लिए अधिकतम 50 लोगों की अनुमति
ये भी पढ़ें- मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: एमपी में बनेगा‘राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड’, निर्यात बढ़ाने जिला स्तर तक कमेटियां
प्रति कोच 20,000 सुरक्षा जमा (रिफंडेबल)
सुरक्षा के लिहाज से सभी प्रतिभागियों की जांच अनिवार्य होगी। ज्वलनशील सामग्री, शराब, धूम्रपान और किसी भी तरह की अव्यवस्था पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी नुकसान की भरपाई आयोजक को करनी होगी।
ये भी पढ़ें- MP Leaders on Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत क्या बोले मध्य प्रदेश के नेता? | Bhopal News
कैसे होगी बुकिंग
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और प्रोडक्शन हाउस कम से कम 15 दिन पहले आवेदन कर सकेंगे। बुकिंग “फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व” के आधार पर होगी। भोपाल और इंदौर में मेट्रो डिपो स्थित कार्यालयों में ऑफलाइन या ईमेल भोपाल ई–मेल आईडी –cri.bhopal@mpmrcl.mp.gov.in और इंदौर ईमेल आईडी–rev.indorempm@mpmrcl.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी के लिए एमपी मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है।
