राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमपी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ चार स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित रोलिंग पेपर और स्मोकिंग पेपर जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि एमपी नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित सामग्री खुलेआम बेची जा रही है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लखन चौहान, राजेश चौरसिया, सोनू ठाकुर और कृपा शंकर मिश्रा को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 200 गोगो कोन और रोलिंग फिल्टर पेपर बरामद किए गए।
चार जगहों पर छापे मारे
पुलिस ने यह कार्रवाई मनोहर डेयरी के पास, रेजीडेंसी होटल के सामने पार्क क्षेत्र, प्रेस कॉम्प्लेक्स और आसपास की गुमठियों पर की। आरोपी पान दुकानों और ठेलों के जरिए इन प्रतिबंधित सामानों की बिक्री कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- प्रदेश के संविदा शिक्षकों को बड़ी राहत, सरकारी भर्ती में मिलेगा 50% आरक्षण, नियमों में बदलाव
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने जब आरोपियों से इन सामानों की बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई करते हुए सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन प्रतिबंधित वस्तुओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
