मध्य प्रदेश के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे 39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक में सवार तीनों लोगों की मौके पर मौत
हादसे के वक्त ट्रक में चालक, क्लीनर और एक मजदूर सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा पुलिस ने अब तक दो मृतकों की पहचान कर ली है दिलीप केवट (पिता राजेश केवट), निवासी ग्राम पडरी, जिला मैहर ,विष्णु केवट (पिता माखनलाल केवट), निवासी रामगढ़, जिला मैहर ,तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
सुबह मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी सुबह करीब 8 बजे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नहर में गिरे ट्रक की स्थिति देखकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती ट्रक में फंसे शवों को बाहर निकालना था। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और केबिन दब गया था। सबसे पहले क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया
इसके बाद दो शवों को बाहर निकाला गया ,तीसरा शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा हुआ था। आखिरकार कटर मशीन से ट्रक को काटकर तीसरे शव को बाहर निकाला गया पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग 4 घंटे तक चला, जिसमें पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत की। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया।
ये भी पढ़ें- Jabalpur News: दिव्यांग बच्चों को स्कूल से निकालने पर रोक, हाईकोर्ट ने डीईओ से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और तहसीलदार सुजीत नागेश भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को एंबुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं जैसे चालक की लापरवाही, नींद या वाहन की तकनीकी खराबी की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है। परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, वे गहरे सदमे में आ गए। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से व्यथित है।
