राजधानी के पुराने शहर स्थित चौक बाजार में एक सर्राफा कारोबारी के साथ 45 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। खुद को राजस्थान के जोधपुर का प्रतिष्ठित ज्वैलर बताने वाले ठगों ने शातिराना तरीके से 300 ग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण हड़प लिए और बदले में नकली सोने के बिस्कुट थमा कर फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चौक बाजार स्थित गायत्री ज्वैलर्स के संचालक 53 वर्षीय सुनील बेलानी को 11 जून को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को जोधपुर का सर्राफा कारोबारी बताते हुए कहा कि वह पहले भी उनकी दुकान पर आ चुका है। उसने बेलानी के ज्वैलरी डिजाइनों की तारीफ करते हुए व्यापारिक संबंध बनाने की इच्छा जताई।
तीन दिन तक भरोसा जीतते रहे ठग
आरोपी ने दावा किया कि उसके पास रिफाइंड गोल्ड (शुद्ध सोने) के बिस्कुट हैं और वह उनके बदले तैयार आभूषण लेना चाहता है। करीब तीन दिनों तक लगातार बातचीत कर उसने कारोबारी का विश्वास जीत लिया। शनिवार को उसने फोन कर बताया कि उसका एक व्यक्ति सोने के बिस्कुट लेकर भोपाल पहुंच रहा है और तय सौदे के अनुसार उसे जेवर सौंप दिए जाएं।
पढे़ं: ‘मैं शिलांग में हूं, नेपाल नहीं भागी’, जमानत के बाद पहली बार सामने आई, इंदौर आने पर ये बोली
गली में हुआ सौदा, लेकर भागा आरोपी
तय योजना के अनुसार शनिवार दोपहर आरोपी का साथी चौक बाजार की एक गली में पहुंचा। सुनील बेलानी ने अपने कर्मचारी ज्ञानसिंह के माध्यम से 300 ग्राम से अधिक सोने के हारों का पार्सल उसे भिजवाया। आरोपी ने जेवर लेकर बदले में कथित सोने के बिस्कुट दिए और वहां से फरार हो गया।
जांच में खुला नकली सोने का खेल
जब कर्मचारी बिस्कुट लेकर दुकान पहुंचा और उनकी शुद्धता की जांच कराई गई, तो पता चला कि वे पूरी तरह नकली हैं। ठगी का अहसास होते ही आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद मिले।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक गणेश लाल रावसे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही है। साथ ही चौक बाजार और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एहतियातन जेवर पहुंचाने वाले कर्मचारी ज्ञानसिंह से भी पूछताछ की जा रही है।
