जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित दिल्ली-एनसीआर में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग जैसी आतंकी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। …और पढ़ें

HighLights
- खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया के जरिए ‘राना भाई’ शख्स ने इन्हें नेटवर्क में जोड़ा था।
- इसके बाद इन्हें अलग-अलग शहरों में भेज हथियार जुटाने, हमलों की तैयारी कराई गई।
- सूत्रों के अनुसार, अमृतसर से हथियार लाकर योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। देश की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है, जिसमें ग्वालियर का कनेक्शन सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों ग्वालियर के रहने वाले हैं, जिससे शहर का नाम इस गंभीर साजिश में जुड़ने से सनसनी फैल गई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल को कथित तौर पर गैंगस्टर शहजाद भट्टी के निर्देश पर संचालित किया जा रहा था, जिसके तार पाकिस्तान से जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। राजवीर को दिल्ली के सराय काले खां से दबोचा गया, जबकि विवेक को ग्वालियर के डबरा से पकड़ा गया।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित दिल्ली-एनसीआर में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग जैसी आतंकी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस ने राजवीर के पास से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि मोबाइल फोन से संदिग्ध वीडियो और वॉइस नोट्स भी मिले हैं, जो इस नेटवर्क की गहराई को दर्शाते हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया के जरिए ‘राना भाई’ नामक शख्स ने इन्हें इस नेटवर्क में जोड़ा था। इसके बाद इन्हें अलग-अलग शहरों में भेजकर हथियार जुटाने और हमलों की तैयारी कराई गई। सूत्रों के अनुसार, अमृतसर से हथियार लाकर इनकी योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। सुरक्षा एजेंसियां इसे एक बड़ी कामयाबी मान रही हैं, क्योंकि समय रहते इस साजिश का खुलासा हो गया, वरना राजधानी समेत कई बड़े शहरों में गंभीर घटनाएं हो सकती थीं।
