केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में भीड़ में बच्ची फंसी, रोती रही, पिता ने किसी तरह निकालकर सुरक्षित बाहर पहुंचाया। …और पढ़ें

HighLights
- भीड़भाड़ में बच्ची अचानक लोगों के बीच फंस गई।
- बच्ची डर के कारण रोती-बिलखती रही मौके पर।
- कार्यक्रम में भारी संख्या में समर्थक मौजूद थे उस समय।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल के चार दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार रात ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए पहुंचे समर्थक एक बार फिर मर्यादा भूल गए।
केंद्रीय मंत्री के स्वागत की होड़ में उन्होंने स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। समर्थकों की भीड़ में ही एक छोटी बच्ची फंसकर दब गई, जिसे उसके पिता ने किसी तरह से बचाया। भीड़ को नियंत्रित करने में आरपीएफ व जीआरपी के जवान पूरी तरह से नाकाम नजर आए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार शाम को ट्रेन मार्ग से ग्वालियर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। चूंकि वर्तमान में स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते प्लेटफार्म पर काम चलता है, जिससे जगह-जगह बेरीकेडिंग और टीनशेड लगे हैं। इस वजह से प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए भी जगह कम बचती है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया के स्वागत के लिए समर्थक नारेबाजी कर रहे थे। उन्हें माला पहनाने की होड़ भी समर्थकों के बीच मच गई। इस दौरान समर्थकों ने प्लेटफॉर्म पर खड़े बाकी यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। इसी भीड़भाड़ में प्लेटफार्म पर मौजूद एक छोटी बच्ची भी फंस गई।
रोती बिलखती रही बच्ची
अचानक भीड़ में फंसने से बच्ची रोती-चिल्लाती रही, लेकिन सिंधिया समर्थक स्वागत में ही जुटे रहे। जैसे-तैसे बच्ची के पिता ने अपनी बेटी को बचाया। इस दौरान बच्ची को हल्की चोटें भी आई हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सका।
