खाते से 27 से 29 मई के बीच तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल दो लाख 99 हजार 997 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जा चुके थे। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंटरनेट पर पर डाॅक्टर का नंबर तलाशना एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को महंगा पड़ गया। डाक्टर के नाम पर मिले फर्जी नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से लगभग तीन लाख रुपये निकाल लिए।
रांझी थाना क्षेत्र के शारदा नगर निवासी श्याम सुंदर झारिया (64) छठवीं बटालियन एसएएफ से सेवानिवृत्त एसआई हैं। उनकी पत्नी अनीता का स्वास्थ्य खराब होने पर 18 मई को उन्होंने इंटरनेट पर एक डाॅक्टर का नंबर सर्च किया।
मिले नंबर पर काल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सुनील शर्मा बताया और उपचार संबंधी प्रक्रिया के नाम पर कुछ दस्तावेज मंगवाए।
इसके बाद उसने वीडियो काॅल कर पंजीयन कराने की बात कही। बातों में फंसाकर आरोपित ने झारिया से ओटीपी साझा करवा लिया। उनको ठगी का पता तब चला जब एक जून को उन्होंने अपने खाते की जांच की।
खाते से 27 से 29 मई के बीच तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल दो लाख 99 हजार 997 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जा चुके थे। शिकायत मिलने पर रांझी पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी एवं निजी दस्तावेज साझा न करने कहा है।
