लगभग सवा साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गए उज्जैन के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शनिवार रात युवक का अपने कुछ साथियों से विवाद हो गया था, जिसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार और इलाके में शोक का माहौल छा गया। इस मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।

कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों से हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन में उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा का उसके कॉलेज में पढ़ने वाले कुछ छात्रों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि साथियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। हमले में गुरकीरत को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

दोस्त ने दी परिवार को घटना की जानकारी

कनाडा में रह रहे गुरकीरत के एक दोस्त ने फोन कर इस घटना की जानकारी रायपुर निवासी प्रबकीरत सिंह मनोचा को दी। इसके बाद यह खबर उज्जैन में रह रहे परिवार तक पहुंची। मृतक गुरकीरत के माता-पिता गुरजीत सिंह मनोचा और उनका परिवार उज्जैन के देवास रोड स्थित C-86 पार्श्वनाथ सिटी में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन गहरे सदमे में हैं।

ये भी पढ़ें- MP: एक तरफा प्यार की सनक में रच डाली अपहरण की साजिश, पुलिस को लगी भनक तो तीन आरोपियों को यहां से दबोचा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताई संवेदना

गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह मनोचा ने इस घटना की जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दी। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। गुरजीत सिंह मनोचा के अनुसार कनाडा पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

परिजनों की मांग- हत्या का मामला दर्ज हो

मृतक के परिजनों का कहना है कि अभी विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है। फिलहाल कनाडा पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। परिजनों की मांग है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। बताया जा रहा है कि गुरकीरत सिंह मनोचा लगभग सवा साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे। वहां वे Northern Lights College में Business Management – Post-Degree Diploma Program की पढ़ाई कर रहे थे। अब इस दुखद घटना के बाद उज्जैन में परिवार और परिचितों के बीच गहरा शोक छाया हुआ है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *