बाबा महाकाल की प्रतिदिन होने वाली भस्म आरती अपनी दिव्यता और भव्यता के लिए प्रसिद्ध है। इसी कारण इसमें शामिल होने और वीआईपी सुविधा पाने के लिए लोग तरह-तरह के जुगाड़ लगाते नजर आते हैं। ऐसा ही एक मामला महाकाल थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने खुद को केंद्र सरकार के एविएशन मंत्रालय का संयुक्त सचिव बताकर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी अतुल सिंह नामक व्यक्ति ने स्वयं को सिविल एविएशन विभाग में संयुक्त सचिव (आईएएस) बताते हुए उज्जैन के सर्किट हाउस में दो कमरों की बुकिंग कराई। इसके साथ ही उसने महाकाल मंदिर की भस्म आरती में विशेष व्यवस्था और अनुमति पाने का भी प्रयास किया।

अधिकारियों को संदेह होने पर जब उससे पहचान पत्र मांगा गया और उसके दावे का सत्यापन किया गया, तो वह फर्जी निकला। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति किसी भी प्रकार का आईएएस अधिकारी या शासकीय पद पर कार्यरत नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाकाल थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर लिया है।

पढ़ें: स्कूटी सवार महिलाओं का खींचा पर्स, फिसलने से टूटे हाथ-पांव; मोबाइल व नकदी भी लूटी

थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, आरोपी ने फर्जी पहचान के आधार पर शासकीय सुविधाएं लेने का प्रयास किया, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले मंदिर प्रशासन के अधिकारी प्रथम कौशिक को फोन कर खुद को उच्च पदस्थ अधिकारी बताया। इसके बाद उसने जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल अधिकारी को भी प्रभावित करते हुए देवास रोड स्थित सर्किट हाउस में दो कमरे बुक करा लिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *