नर्मदा एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक युवती को नवजात बच्चा सौंपकर गायब होने वाली महिला का फिलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें ट्रेन के रुकने वाले प्रत्येक स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हरी साड़ी वाली इस महिला की तलाश के लिए सभी थानों को को उसका हुलिया भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार अनूपपुर निवासी कांती पनिका कोलार रोड स्थित एक होटल में काम करती हैं। पिछले दिनों वह नर्मदा एक्सप्रेस में अनूपपुर से रानी कमलापति की यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान हरे रंग की साड़ी पहनी एक महिला ने उन्हें नवजात बच्चा सौंपा और वॉशरूम के बहाने गायब हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब महिला का कुछ पता नहीं चला तो कांती ट्रेन से उतर कर कोलार थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। कोलार थाना पुलिस ने अगले दिन बच्चे को मातृछाया पहुंचाया, जहां उसका लालन-पालन किया जा रहा है। करीब पंद्रह दिन का यह नवजात बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ बताया गया है। इधर कोलार थाना पुलिस ने जीआरपी को पत्र लिखकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीमें नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज वाले सभी स्टेशनों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में हरे रंग की साड़ी पहने और हाथ में बच्चा लेकर चलने वाली महिला की तलाश की जा रही है। महिला के मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि वह बच्चा उसका अपना था अथवा उसने बच्चे को कहीं से चुराया था।

ये भी पढ़ें- भोपाल मेट्रो में ग्रुप यात्रियों की एंट्री पर ब्रेक, 15-20 से ज्यादा लोग पहुंचे तो टिकट मिलना मुश्किल

तीन यात्रियों के मोबाइल ले उड़े बदमाश

इधर सफर के दौरान तीन यात्रियों की जेब से कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गए। जानकारी के अनुसार सतेंद्र कुमार यादव (43) तमिलनाडु एक्सप्रेस से आगरा से भोपाल आये थे। उसके बाद उन्हें मालवा एक्सप्रेस में सवार होकर संत हिरदाराम स्टेशन जाना था। ट्रेन का इंतजार करने के लिए वह प्लेटफार्म क्रमांक एक पर बीना छोर पर जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद देखा तो भीड़भाड़ में किसी ने उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी गए मोबाइल की कीमत 13 हजार रुपये बताई गई है। इसी प्रकार आंध्रप्रदेश निवासी शेख चिन्नूर (37) संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में कडप्पा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। ट्रेन से उतरने के बाद वह स्केलेटर से बाहर निकल रहे थे, तभी किसी ने जेब में रखा 30 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इधर जसपुर छत्तीसगढ़ निवासी सूरज कुमार (51) गोंडवाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में दिल्ली से नागपुर का सफर कर रहे थे। भोपाल स्टेशन पर उनकी नींद खुली तो पता चला कि जेब में रखा मोबाइल चोरी हो चुका है। चोरी गए मोबाइल की कीमत 13 हजार रुपए बताई गई है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *