बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में एक बार फिर श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद से दर्शन करने आए श्रद्धालु विश्वबंधु मेहरा और उनके परिवार के साथ स्थानीय दुकानदारों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना में मासूम बच्चे का हाथ टूटने और परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी विश्वबंधु मेहरा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ 6 मई को उज्जैन पहुंचे थे। परिवार चौबीस खंभा और हरसिद्धि मार्ग क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। बुधवार रात करीब 11:30 बजे शयन आरती देखने के बाद परिवार होटल लौट रहा था। इसी दौरान 24 खंभा और हरसिद्धि मार्ग के पास स्थित एक परचून दुकान से सामान खरीदने के दौरान विवाद हो गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामूली बात पर दुकानदार ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। विरोध करने पर दुकानदार दुकान से बाहर आया और विश्वबंधु मेहरा के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी मारपीट में साथ दिया। विश्वबंधु मेहरा ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी को फोन किया, जो बच्चे के साथ होटल में थीं। जब पत्नी और बच्चा मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी उनके साथ हाथापाई की। मारपीट में बच्चे का हाथ टूट गया, जबकि मेहरा के सिर और हाथ में चोटें आई हैं।

पढ़ें: जेल की दीवारों के बीच पनपा प्यार, मुस्लिम महिला जेलर ने उम्रकैद काट चुके युवक से रचाया ब्याह

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस और हंगामा दिखाई दे रहा है। वीडियो में बच्चा दर्द से रोता नजर आ रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार पुलिस थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने की सलाह दी। इसके बाद परिवार चरक अस्पताल पहुंचा और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।श्रद्धालु परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी में इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की छवि पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *