तराना में गुरुवार शाम से मचे उपद्रव के बाद शनिवार दोपहर तक हालात धीरे-धीरे सामान्य होते नजर आए। पुलिस की मुस्तैदी के बीच बाजार खुले और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू होते ही स्थिति संभलने लगी। जिन सड़कों पर अब तक केवल पुलिस बल नजर आ रहा था, वहां आम नागरिक भी दिखाई देने लगे। लोग किराना और जरूरत का सामान खरीदते नजर आए।

हालांकि शांति लौटने के बीच जुम्मे की नमाज के बाद नई बाखल क्षेत्र के रहवासी थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है।

तराना थाने के सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि नई बाखल, जवाहर मार्ग क्षेत्र में रहने वाली शक्तिबाला जोशी सहित अन्य लोग थाने पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार दोपहर अपने घरों के बाहर हुए पथराव और बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना को लेकर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपे और आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कराते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

ये भी पढ़ें: Ujjain News: शांति की ओर बढ़ता तराना, खुलने लगे बाजार; रैपिड एक्शन फोर्स और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

पीड़ितों का कहना था कि उपद्रव के दौरान उनके घरों पर पत्थर फेंके गए और गाड़ियां तोड़ी गईं। उस समय सभी लोग घर के भीतर थे। यदि दरवाजे खुले होते तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

पुलिस ने नावेद निवासी तकिया मोहल्ला, सोहेल, रिहान, जीके उर्फ गोलू मॉडल, मोहसिन, तोहिद सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 2023, 191(1)(2), 324(4), 296(बी) एवं 125 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बताया गया है कि इससे पहले भी तराना थाने में 19 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। अब तक कुल 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed