उज्जैन जिले के तराना कस्बे में गुरुवार शाम उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी तक जा पहुंचा। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। आज शुक्रवार को भी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। बाजार बंद हैं और भारी संख्या में तैनात है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
हनुमान चालीसा का पाठ किया
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सुबह फिर से तराना थाने का घेराव किया। उन्होंने आरोपियों का जुलूस निकालकर उनके घर तोड़ने की मांग की। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कार्यकर्ता थाने के सामने धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।
पांच आरोपी गिरफ्तार
कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई, प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने सप्पन मिर्जा (मदारबड़ा), ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील
तनाव के मद्देनजर कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है। प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है और उन्हें बताया जा रहा है कि हमले के जिम्मेदार गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- कर्नल सोफिया कुरैशी विवाद: MP मंत्री विजय शाह को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाने पर बवाल
एसपी बोले- अब वहां शांति है
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा घायल की स्थिति बिलकुल सामान्य है। घायल की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पांच को गिफ्तार किया गया। पूछताछ के लिए अन्य चार लोगों को हिरासत में लिया है। कुछ लोगों ने आक्रोशित होकर बसों में तोड़फोड़ की थी उन्हें समझाईश दी गई है। घटना के सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। बाजार खुला हुआ है, स्थिति सामान्य है, हिंदूवादी संगठन के कुछ लोग सुबह थाने पहुंचे थे उन्हें समझाइश दी गई है। बसंत पंचमी और जुम्मे का दिन एक साथ होने के कारण एतियातन तौर पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर तैनात किए गए हैं। दोनों पक्षों से शांति की बात की गई है। एसटीएफ की एक कंपनी और 300 पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर तैनात हैं।
