तबीयत खराब होने पर एक युवती घर के पास ही स्थित क्लीनिक पर इलाज करवाने पहुंची थी, लेकिन यहां इलाज कर रहे डॉक्टर ने इलाज करने के बहाने युवती से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। युवती ने इस बात पर विरोध किया और तुरंत थाने पहुंच गई। शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पूरा मामला थाना नानाखेड़ा का है। एक इंजीनियरिंग की छात्रा तबीयत खराब होने पर आनंद नगर स्थित एस एस यादव नामक डॉक्टर के यहां इलाज करवाने पहुंची थी, जहां पर डॉक्टर खुद ही मेडिकल और क्लीनिक का संचालन करते हैं। छात्रा जब इलाज करवा रही थी तब उसे लगा कि डॉक्टर गलत नीयत से उसे छू रहे हैं कुछ देर तक वहां यह सब कुछ देखते रही लेकिन बाद में जब डॉक्टर की हरकत बढ़ती गई तो उसने इसका विरोध कर दिया। छात्रा के विरोध करने पर क्लीनिक पर जमकर हंगामा मचा और कुछ लोग भी इकट्ठा हो गए बाद में छात्रा न थाना नानाखेड़ा पहुंचकर इस मामले में डॉक्टर के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज करवाया है। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि इंजीनियरिंग की छात्रा ने इलाज के बहाने डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत की थी जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ की धारा में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
इस मामले में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार तो कर लिया है, लेकिन पुलिस इस मामले में यह भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है कि कहीं डॉक्टर से पीड़ित और लोग तो नहीं हैं, जिनके साथ डॉक्टर ने कभी ऐसी हरकत की हो और सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होने के कारण उन्होंने कभी ऐसी शिकायत ना कि हो।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप, पारा 4 डिग्री से नीचे, कोहरे से जनजीवन प्रभावित
मच गया था हंगामा
इंजीनियरिंग की छात्रा के द्वारा छेड़छाड़ की घटना पर हंगामा मचाने के बाद क्लीनिक पर क्षेत्रवासियों की भीड़ लग गई थी। डॉक्टर एस एस यादव अपने क्लीनिक में छात्रा को उपचार करने के बहाने छू रहा था। इसी बात पर छात्रा ने हंगामा मचाया था। हंगामा मचने के बाद डॉक्टर लोगों को अपनी सफाई दे रहा था और छात्रा द्वारा झूठा आरोप लगाने की बात कहता दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस ने तुरंत इस मामले में कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस डॉक्टर को पकड़ने के साथ ही त्वरित कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भी भेज दिया गया है।
