विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज बाबा महाकाल का आज भस्म रमाकर शृंगार किया गया। फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर आज गुरुवार को भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार मे हजारो श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए और फिर जय श्री महाकाल के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में फाल्गुन माह शुक्ल की द्वितीया तिथि पर आज गुरुवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान पण्डे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया, जिसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का आकर्षक स्वरूप में शृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया। जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई और फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्मारती हुई। 

ये भी पढ़ें: महाकालेश्वर मंदिर में नई व्यवस्था लागू: अब संध्या-शयन आरती की करना होगी ऑनलाइन बुकिंग, चुकाने होंगे इतने रुपए

आज के शृंगार की विशेषता यह थी कि आज बाबा महाकाल के शिवलिंग पर ॐ लिखा गया और शांति का संदेश दिए जाने के साथ ही भस्म से शृंगार किया गया। आज बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ हजारों भक्तों ने लिया और जय श्री महाकाल का जयघोष भी किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।

बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचा नेपाल का सैन्य अधिकारी दल

नेपाल के उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारियों की पत्नियों के प्रतिनिधिमंडल (NAWA Delegation) ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन लाभ लिए। इस प्रतिनिधिमंडल में कुल 14 विशिष्ट सदस्य शामिल रहे। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद नवा डेलिगेशन की सदस्यों ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति ने हमारी काफी बेहतर व्यवस्था की थी। महाकाल के अद्भुत दर्शनों को हम शब्दों में बयां नहीं कर सकते।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *