धार्मिक नगरी उज्जैन में 14 से 18 जनवरी 2026 तक श्रीमहाकाल महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह आयोजन आध्यात्म, लोक परंपरा और वैश्विक संस्कृति का अनूठा संगम होगा। महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन अपने बेटों सिद्धार्थ और शिवम् के साथ प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा सोना महापात्रा, द ग्रेट इंडियन क्वायर सहित कई प्रसिद्ध कलाकार मंच साझा करेंगे। जनजातीय लोक कलाकारों की कला यात्राएं और प्रस्तुतियां महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही इंडोनेशिया और श्रीलंका के नाट्य दलों की सहभागिता से अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को भी बल मिलेगा। यह आयोजन वीर भारत न्यास, श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति तथा जिला प्रशासन, नगर निगम सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य उज्जैन को धार्मिक तीर्थ के साथ-साथ एक वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

यह होंगे आयोजन

दरअसल 14 से 18 जनवरी तक होने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन में शिव तत्व की अनुभूति दर्शन कला और जन उत्सव का समन्वय देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय विचारक, संत और आध्यात्मिक गुरु अपने विचार व्यक्त करेंगे। लोक कला, बैंड, बहुरूपिए, प्रदर्शनी और पतंग उत्सव जैसे आयोजन देखने को मिलेंगे। भव्य शिव बारात निकलेगी। इस आयोजन में उज्जैन के विभिन्न ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थानों जैसे कालभैरव मंदिर, चिंतामन गणेश, गढ़कालिका और भर्तहरि गुफा को केंद्रित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- फूलों से सजा बाबा महाकाल का गर्भगृह, माघ कृष्ण अष्टमी पर हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इसीलिए हो रहा आयोजन

वीर भारत न्यास के सचिव श्री राम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विचार था कि महाकालेश्वर सृष्टि के रचयिता है। उन्होंने यहां निवास किया। भगवान के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन हो। यह पहला वर्ष है। इस आयोजन में महाकाल मंदिर न्यास, वीर भारत न्यास, त्रिवेणी न्यास सहित स्थानीय संस्था शामिल होगी। शहर भर में इस आयोजन का उत्सव हो ऐसा करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *