उज्जैन में शनि जयंती एवं शनिचर अमावस्या के पावन अवसर पर श्रमिकों और कर्मशील वर्ग के सम्मान में एक विशेष सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम फ्रीगंज क्षेत्र स्थित घास मंडी चौराहा पर कृष्णा गुरुजी सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित होगा।
जरूरतमंद श्रमिकों को वितरित किए जाएंगे श्रम उपकरण
इस विशेष सेवा कार्यक्रम के तहत मजदूर वर्ग को उनके दैनिक कार्य में उपयोग आने वाले लोहे के आवश्यक श्रम उपकरण वितरित किए जाएंगे। इनमें गैती, फावड़ा, तगारी, खुरपी सहित अन्य जरूरी उपकरण शामिल रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य उन कर्मयोगी लोगों तक प्रत्यक्ष सहायता पहुंचाना है, जो अपने श्रम और समर्पण से समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कृष्णा गुरुजी ने दिया श्रम सम्मान का संदेश
कृष्णा गुरुजी ने कहा कि ग्रहों को केवल मंदिरों में ही नहीं, बल्कि इंसानों में भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूर के पसीने में ही शनि देव का वास्तविक स्वरूप बसता है। उन्होंने कहा, “शनि जयंती पर लोहे के आवश्यक औजार देकर किसी श्रमिक को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना ही शनि देव की जयंती का सच्चा संदेश है।”
कृष्णा गुरुजी के अनुसार शनि देव कर्म, श्रम, न्याय और सेवा के प्रतीक हैं। ऐसे में इस पावन अवसर पर कर्मशील वर्ग की सहायता करना न केवल आध्यात्मिक साधना है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी श्रेष्ठ उदाहरण है।
समाज सेवा और आत्मनिर्भरता का संदेश
आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम समाज सेवा, आत्मनिर्भरता, श्रम सम्मान और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रेरणादायक संगम बनेगा। कार्यक्रम में समाज के जागरूक नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और सेवाभावी लोगों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
ये भी पढ़ें- Indore News: इंदौर में अब पहले जैसी सफाई नहीं, जगह-जगह नजर आ रहे कचरे के ढेर, गाड़ियां भी समय पर नहीं आ रहीं
कार्यक्रम की जानकारी
-
स्थान: घास मंडी चौराहा, फ्रीगंज, उज्जैन
-
दिनांक: 16 मई 2026, शनिवार
-
समय: प्रातः 9 बजे
यह आयोजन कृष्णा गुरुजी सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित किया जाएगा।
