नकल माफिया के मामलों को लेकर बदनाम रहे मुरैना जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। अंबाह क्षेत्र के एमएलडी स्कूल परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को दो फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया, जो दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे। दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र पर बैठाए रखा गया।

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुईं। पहले दिन अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। अंबाह एसडीएम रामनिवास सिंह सिकरवार ने बताया कि दोनों फर्जी छात्रों के खिलाफ परीक्षा समाप्त होने के बाद शिकायत दर्ज कराई जाएगी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

नकल पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जिलेभर के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी व्यवस्थाएं की हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही मोबाइल जैमर का भी उपयोग किया जा रहा है। अंबाह स्थित शांति निकेतन स्कूल में भी एक नकल का मामला सामने आया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।

ये भी पढ़ें- MP: आरक्षक की पत्नी की संदिग्ध मौत, 11 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद; पति के महिला SI से कथित संबंध की चर्चा तेज

जिले में 12वीं कक्षा का पहला पेपर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में जिलेभर से कुल लगभग 19 हजार परीक्षार्थियों के शामिल होने की जानकारी है। मंगलवार सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ समय से पहले केंद्रों पर पहुंचे और बाहर लगे सूची बोर्ड पर अपने रोल नंबर तलाशते नजर आए।

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की कड़ी तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार की नकल सामग्री अंदर न ले जाई जा सके। प्रवेश पत्रों की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *