सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चोरमारी में स्थित पुरवा नहर में नहाते समय दो नाबालिग बच्चों के डूबने का मामला सामने आया है। घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
क्रिकेट खेलने के बाद नहाने उतरे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार चोरमारी निवासी संजीव मिश्रा का बेटा आर्यन मिश्रा (15) और सूर्यवली विश्वकर्मा का बेटा आयुष विश्वकर्मा (13) रविवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के पास नहर किनारे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल खत्म होने के बाद दोनों नहाने के लिए पुरवा नहर में उतर गए। नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने जब यह देखा तो घबराकर तुरंत गांव जाकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव अमान्य घोषित, हाईकोर्ट के आदेश के बाद रामनिवास रावत होंगे नए MLA
ग्रामीणों ने की तलाश, पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे पहुंच गए और अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब दोनों का कोई पता नहीं चला, तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सतना से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
अंधेरे के कारण रोका गया था सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने रविवार शाम को नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात अंधेरा अधिक होने के कारण तलाशी अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने फिर से अभियान शुरू किया और चोरमारी से सागौनी बाईपास तक नहर में सघन तलाशी ली। हालांकि सोमवार देर शाम तक भी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे चोरमारी गांव में गम और चिंता का माहौल है। आर्यन और आयुष के परिजन समेत ग्रामीण नहर किनारे डटे हुए हैं और रेस्क्यू अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि दोनों बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार अभियान चला रही है।

नहर में डूबे दो बालक
