उज्जैन के नागदा-महिदपुर रोड पर स्थित ग्राम रूपेटा के समीप सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मंडी और बिरलाग्राम थाने की डायल-100 टीम मौके पर पहुंची।
आरक्षक प्रमोद गोलावत, पायलट नरेश गुप्ता और सैनिक वीरेंद्र ने एम्बुलेंस की सहायता से तीनों गंभीर घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों के नागदा पहुंचने के बाद मंगलवार दोपहर तक शवों का पोस्टमार्टम किए जाने की संभावना है।
छह माह पहले ही हुई थी जैनुल की शादी
पुलिस के अनुसार मृतकों में जैनुल आबेदीन भी शामिल है, जो पेशे से इंजीनियर था। देपालपुर में उसका अलमारी और सोफा निर्माण का कारखाना है। वह अपने कर्मचारी अनवर के साथ भुगतान लेने महिदपुर रोड जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। बताया गया है कि जैनुल का विवाह महज छह माह पूर्व ही हुआ था।
पढ़ें; भोपाल में शादी समारोह के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट, 50 फीट ऊंची उठीं आग की लपटें; मचा हड़कंप
पोस्ट ऑफिस में पदस्थ था राहुल
दूसरी बाइक पर सवार राहुल गुर्जर झुटावद डाकघर में पदस्थ था। उसके पिता सीआरपीएफ में सेवारत हैं और मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं। आरक्षक प्रमोद गोलावत ने राहुल के मोबाइल से उसके पिता को घटना की सूचना दी। उन्होंने मंगलवार सुबह तक नागदा पहुंचने की बात कही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैनुल के सिर में गंभीर चोट आई थी और उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। राहुल के सिर में भी गहरी चोट थी। वहीं अनवर अस्पताल पहुंचने तक जीवित था, लेकिन प्राथमिक उपचार मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। एएसआई सुनील परमार ने तीनों के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
