मध्य प्रदेश में शनिवार को दो अलग-अलग जिलों में हुई आत्महत्या की घटनाओं ने प्रदेश को झकझोर दिया। पहली घटना रायसेन जिले के उदयपुरा क्षेत्र की है, जबकि दूसरी उज्जैन जिले के पवासा थाना क्षेत्र की। शुरुआती तौर पर दोनों मामलों को अलग-अलग माना गया, लेकिन जांच में सामने आया कि दोनों मृतक आपस में प्रेम संबंध में थे।
उदयपुरा थाना प्रभारी जयवंत सिंह काकोडिया के अनुसार, 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ चिल्ली गांव में अपने नाना के घर रह रही थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
ये भी पढ़ें- चोरी के शक में शख्स को घर में बंधक बनाकर पीटा, थाने से छूटते ही फिर हमला, हालत गंभीर
उधर, लगभग 350 किलोमीटर दूर उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय ऋषभ मीणा ने भी आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से रायसेन का निवासी था और उज्जैन के मक्सी रोड स्थित केसरबाग कॉलोनी में किराए से रहता था। पेशे से इंजीनियर ऋषभ एक निर्माण कंपनी में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, उसने पहले खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और बाद में कमरे के बाहर लगी रेलिंग से फंदा लगाकर जान दे दी। यहां से भी कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
मोबाइल कॉल डिटेल और चैट रिकॉर्ड की जांच में खुलासा हुआ कि साक्षी और ऋषभ के बीच गहरा प्रेम संबंध था। शुक्रवार रात दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे ऋषभ ने साक्षी को अंतिम कॉल किया, जिसके तुरंत बाद दोनों ने यह कदम उठा लिया। घटना से पहले युवक ने अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर दिया था। पुलिस का मानना है कि दोनों ने संभवतः एक साथ यह फैसला लिया। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों की जांच जारी है। दोनों परिवारों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। यह घटना दोनों परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति साबित हुई है।
